PTV BHARAT 21 AUGUST 2026 – धमतरी : नकली एवं अमानक दवाओं की रोकथाम के लिए सघन औषधि निरीक्षण अभियान जारी – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में नकली, अमानक और संदिग्ध दवाओं के विक्रय तथा अवैध आवाजाही पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराना तथा दवा कारोबार में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
12 औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
संयुक्त निरीक्षण दल ने अभियान के तहत जिले के कुल 12 औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। राज्य में C&F, डिपो और सुपर स्टॉकिस्ट उपलब्ध होने के बावजूद राज्य के बाहर से खरीदी गई दवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिल-वाउचर, स्टॉक, अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक औषधियों के क्रय-विक्रय, भंडारण और स्टॉक रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है।
6 औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस सप्ताह कुल 6 औषधि नमूने संकलित किए गए। इनमें Tab. Elmox-CV 625 LB, Tab. Onco-4, CC-GO DX Cough Syrup 100ml, Bethasulide-P(R), Tab. Mokcan 250 DT और Tab. Ofiz 200 शामिल हैं।
सभी नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई प्रतिष्ठानों की हुई जांच
संयुक्त टीम ने शासकीय जिला अस्पताल धमतरी के औषधि भंडार सहित सूर्या मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स नारी, गौतम फार्मा, लक्ष्मी मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, मेहता मेडिकोज, रमेश मेडिकल स्टोर्स, स्वास्तिक मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, कबीर मेडिकल स्टोर्स छाती, दिनेश मेडिकल स्टोर्स प्रा. लिमिटेड, गायत्री मेडिकल, पवार मेडिकल एजेंसीज और आरती मेडिकोज का निरीक्षण किया।
सूर्या मेडिकल में मिली अनियमितता
सूर्या मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, नारी में निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दवा विक्रेताओं से निर्धारित नियमों का पालन करने और केवल अधिकृत स्रोतों से ही औषधियों का क्रय-विक्रय करने की अपेक्षा की है। विभाग द्वारा दवाओं की गुणवत्ता, वैध आपूर्ति श्रृंखला और अभिलेखों की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

