PTV BHARAT 21 AUGUST 2026 – कोरिया : 174 किसानों को मिला 1020 बैग उन्नत मत्स्य बीज – ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों तथा महिला स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कोरिया जिला प्रशासन द्वारा मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वीबी-ग्राम-जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) और मत्स्य पालन विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के 174 किसानों को 1020 बैग उन्नत मत्स्य बीज वितरित किए गए।
आजीविका डबरियों से बढ़ेगी महिलाओं की आय
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बिहान महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों को ‘आजीविका डबरी योजना’ से जोड़ा गया है। इन डबरियों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर मत्स्य विभाग द्वारा अनुदान आधारित मत्स्य बीज उपलब्ध कराया गया।
कुल 174 हितग्राहियों में 68 आजीविका डबरी हितग्राही और 106 अन्य किसान शामिल हैं। अन्य किसानों के पास तालाब, अमृत सरोवर या व्यक्तिगत डबरी उपलब्ध है। इससे किसानों और ग्रामीण महिलाओं को कृषि के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
बैकुंठपुर और सोनहत में हुआ बीज वितरण
मत्स्य बीज वितरण कार्यक्रम विकासखंड बैकुंठपुर के गेज प्रक्षेत्र और सोनहत के अमहर प्रक्षेत्र में आयोजित किया गया। योजना के तहत हितग्राहियों ने केवल 140 रुपये प्रति बैग की दर से स्वैच्छिक अंशदान राशि जमा की।
क्लस्टर के जरिए बाजार से सीधे जुड़ेंगे किसान
जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के साथ उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए क्लस्टर लेवल एप्रोच तैयार की जा रही है। इसके तहत मत्स्य उत्पादक किसानों और महिला समूहों के क्लस्टर बनाकर उन्हें बड़े व्यापारियों और बाजारों से सीधे जोड़ा जाएगा।
इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और उत्पादकों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी। सामूहिक रूप से मत्स्य उत्पादन और विपणन को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर भी विकसित होंगे।
कृषि, महिला स्व-सहायता समूहों और मत्स्य पालन को एक साथ जोड़ने की यह पहल ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

