PTV BHARAT 21 AUGUST 2026 – रायपुर : आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता – मंत्री टंक राम वर्मा – बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर पहल तेज हुई है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के विषय पर विस्तार से चर्चा की।
मंत्री वर्मा ने केंद्रीय मंत्री को जिले के विद्यार्थियों के हित में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता और इसके महत्व से अवगत कराते हुए प्रक्रिया को गति देने तथा जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इस विषय पर जल्द आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
जिले में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का अवसर
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्र स्तर पर सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द निर्णय का आश्वासन मिलना जिले के लिए उत्साहजनक है।
बलौदाबाजार-भाटापारा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है। वर्तमान में बेहतर शिक्षा के लिए कई विद्यार्थियों को बड़े शहरों या दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है। विद्यालय स्थापित होने के बाद स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही जिले में राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
अस्थायी भवन और स्थायी परिसर की तैयारी
राज्य सरकार द्वारा विद्यालय के संचालन के शुरुआती चरण के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था करने के साथ भविष्य में स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित एवं आरक्षित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में यह पहल जिले में शैक्षणिक अवसरों का विस्तार करने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

