PTV BHARAT 22 AUGUST 2026 – रायपुर : मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से बैगा युवाओं को मिल रहा रोजगारपरक प्रशिक्षण – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा आईटीआई गौरेला में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में 14 युवाओं का अंतिम चयन हुआ और कलेक्टर विजय दयाराम के. ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
224 युवाओं ने लिया साक्षात्कार में हिस्सा
रोजगार मेले में पांच निजी संस्थानों ने हिस्सा लिया। विभिन्न पदों के लिए कुल 280 रिक्तियां उपलब्ध थीं। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे 224 युवक-युवतियों ने साक्षात्कार दिया।
प्रारंभिक चयन में 60 अभ्यर्थियों को चुना गया, जिसके बाद अंतिम चयन प्रक्रिया में 14 युवा सफल रहे। रोजगार मेले में ही नियुक्ति पत्र मिलने से चयनित युवाओं में उत्साह देखने को मिला।
ईमानदारी और अनुशासन से आगे बढ़ने की सलाह
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने चयनित युवाओं से कहा कि निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप इन अवसरों का लाभ लेकर युवा अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से कार्यस्थल पर ईमानदारी, अनुशासन, समयबद्धता और लगन के साथ काम करने का आह्वान किया और कहा कि अच्छा प्रदर्शन कर वे अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करें।
बैगा युवाओं के कौशल प्रशिक्षण का भी किया अवलोकन
कलेक्टर ने लाइवलीहुड कॉलेज गौरेला में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा हितग्राहियों के लिए संचालित टैक्सी चालक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण, रुचि और भविष्य की रोजगार संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, प्रशिक्षण को गंभीरता से पूरा करने और उपलब्ध रोजगार के अवसरों का बेहतर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

