PTV BHARAT 22 AUGUST 2026 – रायपुर : अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम से बदल रही सार्वजनिक वितरण प्रणाली की तस्वीर – सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में दुर्ग जिले में ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ की शुरुआत महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आई है। शासन और विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से 8 अगस्त को सुपेला, भिलाई के पुराने वैशाली नगर थाना भवन में स्थापित इस ग्रेन एटीएम से राशनकार्डधारी अपनी सुविधा के अनुसार चावल प्राप्त कर रहे हैं।
आधार प्रमाणीकरण के बाद मिलता है निर्धारित राशन
ग्रेन एटीएम से दुर्ग जिले के साथ अन्य स्थानों के पात्र राशनकार्डधारी भी चावल प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाता है और पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल मशीन से वितरित होता है।
मशीन आधारित वितरण से तौल में कमी की आशंका कम होती है और हितग्राही को उसकी पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में राशन मिलने की सुविधा मिलती है।
24 घंटे उपलब्ध सुविधा से बढ़ी सहूलियत
ग्रेन एटीएम की सुविधा 24×7 उपलब्ध है। इससे दैनिक वेतनभोगी, श्रमिक, महिलाएं और अन्य राशनकार्डधारी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन प्राप्त कर सकते हैं।
कम समय में पूरी होने वाली प्रक्रिया से राशन की दुकानों पर कतार में खड़े रहने और निर्धारित समय में दुकान पहुंचने की बाध्यता से भी राहत मिल रही है।
तकनीक से बढ़ी पारदर्शिता
आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से राशन वितरण प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में मदद मिल रही है। उचित मूल्य दुकान संचालकों पर निर्भरता और वितरण में मानवीय हस्तक्षेप कम होने की उम्मीद है।
तकनीक आधारित इस व्यवस्था से राशन वितरण में अनियमितताओं और कालाबाजारी पर नियंत्रण में भी मदद मिलने की संभावना है।
पीडीएस में तकनीकी नवाचार की नई दिशा
प्रशासन द्वारा अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के बारे में नागरिकों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र राशनकार्डधारी इसका लाभ उठा सकें।
ग्रेन एटीएम सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुगम, सुरक्षित और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में तकनीक आधारित नई पहल के रूप में सामने आया है।

