PTV BHARAT 22 AUGUST 2026 – रायपुर : चूजों से बढ़ेगी ग्रामीण परिवारों की आमदनी – सुकमा जिले में ग्रामीण परिवारों और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पशुधन विकास विभाग द्वारा बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना के तहत निःशुल्क चूजे और मुर्गी दाना वितरित किया गया। योजना का उद्देश्य कम लागत में कुक्कुट पालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का साधन तैयार करना है।
45-45 चूजे और 10 किलो दाना निःशुल्क
कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. संदीप इंदुरकर के मार्गदर्शन में गादीरास क्षेत्र के मनकापाल, नागलगुंडा, सोनाकूकानार, डोडपाल, कोर्रा और गादीरास गांवों में हितग्राहियों को कुक्कुट इकाई के तहत प्रति हितग्राही 45 चूजे और 10 किलोग्राम दाना निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। वितरण के दौरान महिला समूहों की सदस्याएं भी मौजूद रहीं।
घर से शुरू होगा स्वरोजगार
चूजे और दाना मिलने से ग्रामीण परिवारों को अपने घर से ही कुक्कुट पालन शुरू करने का अवसर मिला है। इससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय स्तर पर कुक्कुट पालन को बढ़ावा मिलने से ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए विकल्प भी विकसित होंगे।
पालन-पोषण के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन
विभाग द्वारा हितग्राहियों को चूजों के पालन-पोषण, आहार, स्वास्थ्य और देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य हितग्राहियों को कुक्कुट पालन व्यवस्थित तरीके से करने और लंबे समय तक इसका आर्थिक लाभ लेने में सक्षम बनाना है।
चूजा वितरण अभियान को सफल बनाने में पशु चिकित्सालय सुकमा के डॉ. टेकेश्वर और भुवाल नेताम सहित पशु चिकित्सालय गादीरास एवं मोबाइल वेटरनरी यूनिट की टीम का सहयोग रहा।
यह पहल ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

