PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – कोरिया : जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘विजनरी-15’ से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा – आकांक्षी विकासखण्ड बैकुंठपुर के स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ‘विजनरी-15 : जहां सपने मिलते हैं नेतृत्व से’ का दूसरा सत्र संवाद, मार्गदर्शन और रचनात्मक गतिविधियों से भरा रहा। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को प्रशासन के साथ सीधे संवाद करने, अपने सपने साझा करने और भविष्य को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
‘उठो, पढ़ो और बढ़ो’ का दिया संदेश
विशेष संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपने लक्ष्य, रुचियों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा की। जिला प्रशासन ने बच्चों को बताया कि बड़े सपनों को साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन जरूरी है।
विद्यार्थियों को अपनी गलतियों से सीखते हुए लगातार आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
खेल और रचनात्मक गतिविधियों से बढ़ा उत्साह
कार्यक्रम का माहौल औपचारिक बैठक के बजाय आत्मीय और पारिवारिक रखा गया। विद्यार्थियों ने झूला झूला, वॉलीबाल और शतरंज खेला तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा भी दिखाई।
छात्राओं ने पौधरोपण किया, वहीं विद्यार्थियों ने बांस से सुंदर फूल बनाकर स्थानीय कला और हुनर की झलक प्रस्तुत की। बच्चों ने कविता और पेंटिंग भी भेंट की।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर बच्चों ने दिए सुझाव
विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने से जुड़े सुझाव प्रशासन के सामने रखे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने विद्यार्थियों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में जानकारी दी।
अनौपचारिक संवाद से बढ़ा आत्मविश्वास
विद्यार्थियों के साथ भोजन और अनौपचारिक बातचीत ने कार्यक्रम को और आत्मीय बना दिया। इससे बच्चों को अधिकारियों के साथ सहज संवाद करने और अपने विचार खुलकर रखने का अवसर मिला।
‘विजनरी-15’ जिला प्रशासन की ऐसी पहल के रूप में सामने आई है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। ‘सशक्त युवा, समृद्ध कोरिया’ के संकल्प के साथ यह पहल विद्यार्थियों को अपने सपनों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए नया मंच दे रही है।

