रायपुर : आईसीएआर-एनआईबीएसएम द्वारा ‘पोषण वाटिका’ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

PTV BHARAT 25 AUGUST 2026 – रायपुर : आईसीएआर-एनआईबीएसएम द्वारा ‘पोषण वाटिका’ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित – घरेलू पोषण सुरक्षा, आहार विविधता और सुरक्षित खाद्य उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (एनआईबीएसएम), रायपुर द्वारा ‘पोषण वाटिका’ पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बरोंदा, मुर्रा, बेलटुकरी, देवगांव, कुर्रा और कथुरड गांवों के 62 किसानों, जिनमें 10 महिला किसान शामिल थीं, ने हिस्सा लिया।

घर में ताजी और पौष्टिक सब्जियों पर जोर

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने किया। उन्होंने कहा कि घर में ताजी, पौष्टिक और रसायन मुक्त सब्जियों तथा फलों की उपलब्धता परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।

उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के पास पर्याप्त भूमि नहीं है, वे आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी पोषण वाटिका विकसित कर सकते हैं। इससे सामुदायिक स्तर पर पोषण और कुपोषण की समस्या से निपटने में मदद मिल सकती है।

जैविक तरीके और स्थानीय जलवायु के अनुरूप खेती

संयुक्त निदेशक एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पंकज शर्मा ने किसानों को स्थानीय मौसम के अनुसार पोषण वाटिका विकसित करने के व्यावहारिक सुझाव दिए।

कम बारिश की स्थिति में उचित आकार के गड्ढे बनाकर उनमें सड़ी हुई गोबर खाद के साथ फलदार पौधे लगाने, जलभराव वाले क्षेत्रों में उचित जल निकासी और अधिक नमी वाले स्थानों पर सब्जियों के लिए रेज़्ड बेड तैयार करने की सलाह दी गई।

किसानों को अनावश्यक रासायनिक कीटनाशकों से बचने और पारंपरिक तथा पर्यावरण-अनुकूल जैविक उपाय अपनाने पर भी जोर दिया गया।

18 प्रकार की सब्जियों के बीज निशुल्क वितरित

प्रशिक्षण के अंत में किसानों को पोषण वाटिका स्थापित करने के लिए उन्नत अमरूद और नींबू के पौधे तथा 18 प्रकार की सब्जियों के बीज निशुल्क वितरित किए गए। इनमें पालक, धनिया, मेथी, भिंडी, लौकी, तोरी और मूली सहित अन्य सब्जियां शामिल हैं।

इससे किसानों को प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने घर और खेतों में व्यावहारिक रूप से लागू करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच कंचन गायकवाड़ और संतोष कुर्रे भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय प्रधान वैज्ञानिक डॉ. के. सी. शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *