कवर्धा : बिहान की दीदियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को राखी बांधकर दी बधाई, साझा किए गुजरात भ्रमण के अनुभव

PTV BHARAT 28 AUGUST 2026 – कवर्धा : बिहान की दीदियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को राखी बांधकर दी बधाई, साझा किए गुजरात भ्रमण के अनुभव – कबीरधाम जिले के बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और पशुपालकों का गुजरात के बनासकाठा स्थित डेयरी कोऑपरेटिव एवं अमूल डेयरी कोऑपरेटिव का शैक्षणिक भ्रमण प्रेरणादायी और उपयोगी रहा। भ्रमण से लौटने के बाद बिहान समूह की दीदियों ने कवर्धा निवास पहुंचकर उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें रक्षाबंधन की बधाई देते हुए राखी बांधी और गुजरात में प्राप्त अनुभवों तथा सीखी गई तकनीकों की जानकारी साझा की।

सीख को गांवों में लागू करने का आह्वान

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दीदियों और पशुपालकों के अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब वहां से मिली सीख को अपने गांव और जिले में लागू कर आजीविका के नए अवसर तैयार किए जाएं।

उन्होंने बनासकाठा में देखी गई उन्नत डेयरी व्यवस्था, पशुपालन तकनीक, चारा प्रबंधन, दुग्ध संकलन, गुणवत्ता नियंत्रण और सहकारी मॉडल को स्थानीय स्तर पर अपनाने का आह्वान किया।

17 समूहों की दीदियों और 17 पशुपालकों ने देखा डेयरी मॉडल

उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूहों की महिलाओं और 17 पशुपालकों को बनासकाठा के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया था।

दल ने डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी कोऑपरेटिव की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। प्रतिभागियों ने संतुलित आहार एवं चारा विकास, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय, दुग्ध संकलन एवं प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, डेयरी उत्पाद निर्माण और विपणन की प्रक्रिया को करीब से समझा।

इसके साथ ही छोटे पशुपालकों को सहकारी मॉडल के माध्यम से संगठित कर उनकी आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने की व्यवस्था की जानकारी भी ली।

कबीरधाम में अपनाई जाएंगी नई तकनीकें

गुजरात से लौटी महिलाओं ने बताया कि वहां पशुपालन और डेयरी को केवल व्यक्तिगत आमदनी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे सामूहिक आर्थिक विकास के मॉडल के रूप में विकसित किया गया है।

बाजार से जुड़ाव, गुणवत्ता बनाए रखने और दूध का बेहतर मूल्य हासिल करने की व्यवस्थाओं ने उन्हें प्रभावित किया। दीदियों ने कहा कि वे बनासकाठा में सीखी तकनीकों और प्रबंधन पद्धतियों को अपने गांवों में अपनाने के साथ अन्य महिलाओं और पशुपालकों के साथ भी साझा करेंगी।

महिला समूहों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बिहान स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, वहीं पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में उत्पादन, बेहतर प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कबीरधाम का बनासकाठा भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सीख को स्थानीय आजीविका और रोजगार में बदलने की पहल है। गुजरात के डेयरी मॉडल से मिली सीख आने वाले समय में जिले में दुग्ध उत्पादन, महिला समूहों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने में उपयोगी साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *