रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में हुए शामिल

PTV BHARAT 28 AUGUST 2026 – रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में हुए शामिल – राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। देशभर के करीब 1600 स्थानों से 8 लाख से अधिक युवा इस कार्यक्रम से जुड़े।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा भी मौजूद रहीं।

‘खेलो इंडिया’ को विकसित भारत से जोड़ने का संदेश

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेलशक्ति और युवाशक्ति को जोड़कर विकसित भारत के निर्माण का अभियान है। उन्होंने ‘जो खेले, वो खिले’ का संदेश देते हुए कहा कि खेल से व्यक्ति के व्यक्तित्व, परिवार और देश का गौरव बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि सरकार 21वीं सदी का आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए काम कर रही है। खेल विश्वविद्यालयों, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों और प्रतिभा पहचान से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक खिलाड़ियों को सहयोग देने की व्यवस्था विकसित की जा रही है।

युवा सुझावों को नीतियों से जोड़ने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ केवल खेल की चर्चा का मंच नहीं है। युवाओं के विचारों और सुझावों को सुनकर उन्हें स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, टैलेंट डेवलपमेंट, गवर्नेंस और विकसित भारत से जुड़ी नीतियों के निर्माण में शामिल किया जाएगा।

नशामुक्त युवा ही बनाएगा विकसित भारत : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के पीछे कठोर परिश्रम होता है। अपनी कमियों को दूर कर निरंतर मेहनत करने से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। असफलता आने पर निराश होकर नशे की ओर जाने के बजाय आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

‘खेल बहुत कुछ सिखाता है’ : तिलक वर्मा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल कठिन परिस्थितियों का सामना करना, दबाव झेलना, टीम भावना, कौशल और मानसिक स्थिरता जैसे गुण सिखाता है। साथ ही खेल स्वास्थ्य, फिटनेस और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाता है।

उन्होंने कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

युवाओं को पहल के साथ जिम्मेदारी लेने का संदेश

यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने कहा कि युवाओं को केवल सुझाव देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी पहल के लिए जिम्मेदारी और ownership की भावना के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने नेतृत्व, शासन-प्रशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

2036 ओलंपिक और खेल अधोसंरचना पर चर्चा

NIT के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने ‘युवा संवाद’ में खेल अधोसंरचना, खेल सुविधाओं का विस्तार, खेल पारिस्थितिकी तंत्र, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। NIT के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो और माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित अधिकारी, प्राध्यापक और युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *