जगन्नाथ मंदिर में 2100 माताओं-बहनों ने भगवान जगन्नाथ को बांधा रक्षा सूत्र, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा मंदिर परिसर – पुरन्दर मिश्रा

PTV BHARAT 27 AUGUST 2026 रायपुर। भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अद्भुत दृश्य सोमवार को रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में देखने को मिला। धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं से ओतप्रोत इस विशेष आयोजन में लगभग 2100 माताओं एवं बहनों ने एक साथ उपस्थित होकर भगवान जगन्नाथ स्वामी जी को विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक रक्षा सूत्र अर्पित किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान जगन्नाथ के जयघोष, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।आयोजन के संबंध में विधायक एवं जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरन्दर मिश्रा ने बताया कि भगवान जगन्नाथ को रक्षा सूत्र अर्पित करने की यह परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, पारिवारिक संस्कार, आपसी प्रेम और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति द्वारा भगवान जगन्नाथ को रक्षा सूत्र अर्पित कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं सुरक्षा की कामना की गई। उन्होंने भगवान जगन्नाथ स्वामी से सभी परिवारों पर अपनी कृपा बनाए रखने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रखने की प्रार्थना की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और रक्षा सूत्र अर्पित किया। आयोजन के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और देखते ही देखते बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।इस अवसर पर अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडे जी, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *