PTV BHARAT 16 SEPTEMBER 2026 – गरियाबंद : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से ग्रामीणों को मिली राहत, सोलर ड्यूल पंप फिर शुरू
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी भावना के अनुरूप शासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत मोखागुड़ा के धौराझोला पारा में पेयजल की समस्या का समाधान किया गया। जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप लंबे समय से बंद था, जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायत पर स्थल निरीक्षण, पंप की मरम्मत कर फिर शुरू हुई आपूर्ति
ग्राम मोखागुड़ा निवासी देनेश्वर राम नागेश ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराते हुए सोलर ड्यूल पंप के बंद होने तथा पानी टंकी में सुधार की आवश्यकता की जानकारी दी। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। क्रेडा के फील्ड कर्मचारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। तकनीकी जांच में सामने आई खामियों को दूर करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया गया और सोलर ड्यूल पंप को पुनः चालू कर दिया गया। पंप के दोबारा शुरू होने से धौराझोला पारा में पेयजल आपूर्ति सुचारु हो गई और ग्रामीणों को राहत मिली। कार्य पूर्ण होने के बाद शिकायतकर्ता देनेश्वर राम नागेश ने समाधान पर संतोष व्यक्त करते हुए संतुष्टि पत्र भी दिया।
उल्लेखनीय है कि सेवा और सुशासन का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान कर उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए शासन और जनता के बीच विश्वास तथा सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास है।

