PTV BHARAT 16 SEPTEMBER 2026 – एमसीबी : सेवा संकल्प अभियान में नागपुर स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 546 लोगों ने लिया निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ
हर गांव, हर घर और हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सशक्त एमसीबी – हर गांव, हर घर, हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत 16 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागपुर में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान कुल 546 मरीजों की जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
546 मरीजों की हुई जांच, विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य शिविर में कुल 546 मरीजों का बाह्य रोगी विभाग में पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 186 मरीजों की गैर-संचारी रोगों की जांच, 118 मरीजों की अन्य सामान्य रोगों के लिए जांच, 83 मरीजों की चर्म रोग संबंधी जांच, 56 मरीजों की नेत्र रोग संबंधी जांच, 43 मरीजों की अस्थि रोग संबंधी जांच तथा 36 मरीजों की नाक, कान एवं गला संबंधी जांच की गई। शिविर में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने के उद्देश्य से 22 लोगों की आभा स्वास्थ्य आईडी बनाई गई, जबकि 2 लोगों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया गया। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
एक ही स्थान पर मिली विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। बड़ी संख्या में मरीजों ने शिविर में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का निरीक्षण
शिविर के दौरान पूर्व विधायक चंपा देवी पावले, जिला उपाध्यक्ष यमुना पटेल, सरपंच ललन सिंह तथा मंडल अध्यक्ष मुनीम सिंह की उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की सराहना की।
मंत्री के मार्गदर्शन और विधायक के विजन की सराहना
क्षेत्रवासियों ने छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्रीय विधायक रेणुका सिंह के विजन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। नागरिकों ने कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों से लोगों को अपने क्षेत्र में ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की सेवा भावना को मिली सराहना
शिविर के सफल आयोजन और कुशल प्रबंधन के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा उनकी चिकित्सा टीम की निष्ठा, सेवा भावना और समर्पित प्रयासों की सराहना की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में आने वाले मरीजों की जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराया।

