महासमुंद : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जिले के 4,885 हितग्राहियों को मिल रहा आर्थिक लाभ

PTV BHARAT 26 SEPTEMBER –महासमुंद : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जिले के 4,885 हितग्राहियों को मिल रहा आर्थिक लाभ – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में जनकल्याण और आत्मनिर्भरता को हमेशा प्राथमिकता मिली है। इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर परिवार अपनी बिजली की जरूरतें और बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 5 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए तथा राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इससे सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का खर्च कम हो रहा है और आम परिवारों को दीर्घकालिक आर्थिक राहत मिल रही है। महासमुंद जिले में अब तक 8,651 नागरिकों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 4,885 हितग्राही योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।

महासमुंद के इमली भाठा निवासी ऊषा साहू ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से उन्हें नियमित और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध हो रही है। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद उनके बिजली बिल में काफी कमी आई है, जिससे परिवार की आर्थिक बचत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग उनके परिवार के लिए आर्थिक रूप से राहत देने वाला साबित हुआ है। इसी तरह महासमुंद निवासी यामिनी यदु ने बताया कि योजना के माध्यम से सोलर पैनल स्थापित कराने पर शासन से सब्सिडी मिली, जिससे स्थापना का खर्च कम हुआ। अब उनके घर में दिनभर सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध रहती है। अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में देने से भी उन्हें लाभ मिल रहा है।

कुम्हारपारा निवासी गेंद लाल साहू ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उनके घर की छत पर सोलर पैनल लगने के बाद बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। पहले हर महीने बिजली बिल को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब सौर ऊर्जा से घर की आवश्यकताएं पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि योजना ने उनके परिवार को बिजली खर्च में राहत देने के साथ ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत का भरोसा दिया है। वहीं वर्धमान नगर, महासमुंद निवासी घनश्याम ध्रुव ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद उनके घर में बिजली की उपलब्धता बेहतर हुई है। अब पंखा, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण आसानी से चल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। इससे बिजली की बचत हो रही है और परिवार का मासिक खर्च भी कम हुआ है। योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक परिवारों से योजना से जुड़ने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *