PTV BHARAT 26 SEPTEMBER –कोरिया : सेवा की कहानी : ’जल जीवन मिशन से पंडोपारा में पहुंचा नल का जल, आसान हुई ग्रामीणों की जिंदगी’ – कहा जाता है-जल है तो कल है। पानी और जिंदगी एक-दूसरे के पूरक हैं। इसी सोच को साकार करते हुए जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से जल पहुंचाकर लोगों के जीवन में बदलाव ला रहा है। कोरिया जिले के ग्राम चोपन के पंडोपारा बस्ती में भी इस योजना ने वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान करते हुए ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाया है।
पहाड़ों की तलहटी में बसी यह बस्ती ग्राम पंचायत बरपारा का आश्रित ग्राम है और जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां के ग्रामीण लंबे समय से पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। पानी के लिए उन्हें दूर तक जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों खर्च होते थे।
जल जीवन मिशन की शुरुआत के बाद ग्राम चोपन में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया गया। इसके परिणाम स्वरूप अब ग्रामीणों के घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। स्वच्छ एवं सहज रूप से उपलब्ध पेयजल ने ग्रामीण परिवारों की दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाया है।
हितग्राही संगीता बताती हैं, “पहले पानी भरने के लिए दूर जाना पड़ता था। इसमें समय और मेहनत दोनों लगते थे। अब घर पर ही साफ पानी आसानी से मिल रहा है। इससे समय की बचत हो रही है और परिवार के दूसरे जरूरी कामों के लिए भी समय मिल जाता है। गांव में शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने से जीवन काफी आसान हो गया है।”
’पानी के साथ बढ़ी स्वच्छता और जागरूकता’
जल जीवन मिशन का प्रभाव केवल घरों तक पानी पहुंचाने तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों को जल संरक्षण, पानी की गुणवत्ता, स्वच्छता और नल कनेक्शन के रख-रखाव के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में अपनी जल व्यवस्था को सुरक्षित रखने और उसके बेहतर उपयोग की जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई है।
’नल का जल बना सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक’
ग्राम चोपन के पंडो पारा में घर-घर नल से जल पहुंचना ग्रामीणों के लिए महज एक सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन गया है। पंचायत, विभाग और ग्रामीणों के समन्वित प्रयासों से जल जीवन मिशन ने बस्ती की दिशा और दशा बदलने का कार्य किया है।
यह बदलाव बताता है कि जब योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी साथ आती है, तो विकास की योजनाएं कागजों से निकलकर लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाती हैं। जल जीवन मिशन ग्रामीण विकास की स्थायी और मजबूत नींव तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

