बस्तर : कांदानार में वर्षों पुरानी समस्या का समाधान, गांव में बना उचित मूल्य दुकान भवन

PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – बस्तर : कांदानार में वर्षों पुरानी समस्या का समाधान, गांव में बना उचित मूल्य दुकान भवन – बस्तर जिले के दरभा विकासखंड की ग्राम पंचायत कांदानार में मनरेगा और जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) के अभिसरण से उचित मूल्य दुकान का पक्का भवन बनाया गया है। गांव में ही राशन की सुविधा मिलने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या दूर हुई है।

9 से 10 किलोमीटर की दूरी से मिली राहत – उचित मूल्य दुकान का भवन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को राशन लेने के लिए करीब 9 से 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इससे समय और आवागमन पर खर्च होता था। दैनिक मजदूरी करने वाले ग्रामीणों को कई बार राशन लेने के लिए पूरे दिन का काम छोड़ना पड़ता था। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए दुर्गम रास्तों से राशन लाना विशेष रूप से कठिन था।

10 लाख रुपये की स्वीकृति से बना पक्का भवन – ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने मनरेगा और DMFT के अभिसरण से उचित मूल्य दुकान भवन निर्माण की स्वीकृति दी। ग्राम पंचायत कांदानार को कार्य एजेंसी बनाकर 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। भवन का निर्माण करीब 9 लाख 70 हजार रुपये की लागत से पूरा हुआ।

अधोसंरचना के साथ स्थानीय रोजगार भी – DMFT मद से आवश्यक सामग्री और संसाधनों की व्यवस्था की गई, जबकि मनरेगा के माध्यम से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार मिला। अब ग्रामीण गांव में ही खाद्यान्न प्राप्त कर रहे हैं, जिससे समय और आवागमन खर्च की बचत हो रही है और वे अपने कृषि एवं मजदूरी के कार्य बिना प्रभावित हुए राशन ले पा रहे हैं।

रैंप सहित सुविधाओं से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को लाभ – नवनिर्मित भवन में रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए राशन लेना आसान हुआ है। पक्के भवन में चावल, शक्कर, नमक सहित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की खाद्यान्न सामग्री के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *