PTV BHARAT 30 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : कृषि में नवाचार की असीमित संभावनाएं, स्टार्टअप्स के लिए आगे आएं युवा : रामविचार नेताम – कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि भारत में कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं स्टार्टअप स्थापित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। युवाओं को कृषि क्षेत्र की संभावनाओं को तलाशते हुए नवाचारी विचारों के साथ स्टार्टअप स्थापित करने और देश के विकास को नई गति देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से नवाचार एवं स्टार्टअप्स को प्राथमिकता दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ सरकार भी निपुण जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को स्टार्टअप एवं लघु-मध्यम उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रही है।
कृषि मंत्री रायपुर में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा कृषि मंडपम में 28 से 30 सितम्बर तक आयोजित “छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026” के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के सहयोग से हुआ।
युवाओं को नौकरी देने वाला उद्यमी बनाने पर जोर – रामविचार नेताम ने कॉन्क्लेव के सफल आयोजन के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी द्वारा नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का अवलोकन कर उपलब्ध अधोसंरचना एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को नवाचारी व्यवसाय एवं स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और इसके लिए विभिन्न सुविधाएं एवं अनुदान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कृषि क्षेत्र में नवीन प्रौद्योगिकी और नवाचारी विचारों के साथ कृषि आधारित स्टार्टअप स्थापित करने का आह्वान किया। इससे कृषि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
कॉन्क्लेव में 1,200 से अधिक युवा और 24 स्टार्टअप्स शामिल – कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बताया कि तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में 1,200 से अधिक नवोन्मेषी युवा विद्यार्थी एवं नवाचारी उद्यमी शामिल हुए। मंच पर विद्यार्थी, युवा उद्यमी, स्टार्टअप्स, नवोन्मेषक, निवेशक, उद्योग प्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं को एक साथ जुड़ने का अवसर मिला। 24 स्टार्टअप्स ने अपने नवाचार, तकनीक और समाधानों का प्रदर्शन किया तथा अपने विचारों और व्यावसायिक मॉडलों की पिचिंग की।
स्टार्टअप पिचिंग सत्र में सर्वश्रेष्ठ नवाचारी विचार प्रस्तुत करने वाले तीन स्टार्टअप्स को क्रमशः 1 लाख रुपये, 75 हजार रुपये और 50 हजार रुपये के पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नौकरी खोजने वाले के बजाय नौकरी देने वाला उद्यमी बनाने के लिए मेंटरशिप, निवेश, तकनीकी सहयोग, बौद्धिक संपदा संरक्षण तथा वित्तीय एवं बाजार संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए समग्र मंच तैयार करना था।
समारोह में राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, संचालक कृषि राहुल देव, भारत सरकार की संस्था BIRAC नई दिल्ली की डिप्टी मैनेजर डॉ. दीक्षा राठौर और CGCOST रायपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अमित दुबे सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य आयोजन सचिव डॉ. वी.के. त्रिपाठी, आयोजन सचिव डॉ. हुलास पाठक, कुलसचिव डॉ. कपिलदेव दीपक सहित विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, वैज्ञानिक, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

