बस्तर/खोरखोसा : ‘सेवा सेतु’ शिविर में उमड़ा जनसैलाब, एक ही मंच पर ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

PTV BHARAT 04 OCTOBER 2026 – बस्तर/खोरखोसा : ‘सेवा सेतु’ शिविर में उमड़ा जनसैलाब, एक ही मंच पर ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ – शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक सहजता से पहुंचाने के उद्देश्य से बस्तर जिले के ग्राम खोरखोसा में वृहद ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

5 परिवारों को मिली पक्के आवास की चाबी – सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 पात्र परिवारों को पूर्ण आवासों की चाबियां सौंपी गईं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 4 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, 10 ग्रामीणों को आयुष्मान भारत कार्ड और 2 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए गए।

स्वामित्व योजना से 12 हितग्राहियों को मिले अधिकार अभिलेख – स्वामित्व योजना के तहत 12 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख सौंपे गए। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और छात्राओं के विद्यालय आवागमन को सुगम बनाने के लिए पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया। विभिन्न विभागों ने शिविर में स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की।

ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से सुविधा होने की बात कही। जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *