बस्तर : मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा ने आसान की दूरस्थ इलाकों की राह

PTV BHARAT 04 OCTOBER 2026 – बस्तर : मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा ने आसान की दूरस्थ इलाकों की राह – बस्तर संभाग के दूरदराज और वनांचल क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है। इंद्रावती नदी के तट और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरी बिनता घाटी में स्थित ग्राम भेजा सहित आसपास के गांवों में यह बस सेवा पिछले एक वर्ष से नियमित रूप से संचालित हो रही है। जगदलपुर से मारडूम होते हुए अंतिम छोर के ग्राम भेजा तक चलने वाली इस बस सेवा ने क्षेत्र में आवागमन, विकास और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा दिया है।

पैदल सफर और महंगे निजी वाहनों से मिली राहत – कस्तूरपाल निवासी सीबोराम और दशरू करटम, मटनार निवासी बाबूलाल तथा बिनता के अरुण कुमार जैसे ग्रामीण पिछले एक साल से नियमित रूप से बस सेवा का उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले साधनों की कमी और क्षेत्र की दुर्गमता के कारण उन्हें मीलों पैदल चलना पड़ता था या निजी वाहनों के लिए अधिक राशि खर्च करनी पड़ती थी। इससे बीमारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए शहर पहुंचना मुश्किल होता था।

बाजार, अस्पताल और कॉलेज तक पहुंच हुई आसान – नियमित बस सेवा से अब ग्रामीणों को तय समय-सारणी के अनुसार सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिल रही है। बाजार-हाट, अस्पताल, कॉलेज और जरूरी शासकीय कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जगदलपुर आना-जाना आसान हुआ है। एक वर्ष के संचालन से बिनता घाटी और इंद्रावती तट के ग्रामीणों में आवागमन को लेकर भरोसा बढ़ा है और स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *