बालोद : आदिवासी छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लेने छात्रावास पहुंचीं डॉ. वर्णिका शर्मा

PTV BHARAT 04 OCTOBER 2026 – बालोद : आदिवासी छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लेने छात्रावास पहुंचीं डॉ. वर्णिका शर्मा – छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बालोद प्रवास के दौरान आदिम जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन तथा आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

छात्राओं ने ट्यूशन, कंप्यूटर और पुस्तकालय की रखी मांग – छात्राओं ने पढ़ाई में सहयोग के लिए ट्यूशन शिक्षक, कंप्यूटर और पुस्तकालय की मांग रखी। डॉ. शर्मा ने उनकी बातों को सुना और शैक्षणिक जरूरतों पर ध्यान देने पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य हासिल करने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश – निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने बालिका कक्षों, बाथरूम और सेनेटरी वेंडिंग मशीन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता बताई। छात्रावास अधीक्षिका सहित संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के बेहतर रखरखाव और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डॉ. शर्मा ने छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने तथा उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं का गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *