PTV BHARAT 05 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना सुनिश्चित करें : कलेक्टर – कलेक्टर रेना जमील ने संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की निगरानी करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु शिविरों में शत-प्रतिशत संतृप्ति का लक्ष्य – सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को विभागीय टीम के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने कहा गया। कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को केंद्र और राज्य शासन की योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करना लक्ष्य है। 06 अक्टूबर को भैयाथान विकासखंड के ग्राम करकोटी और ओड़गी के दवनसरा तथा 07 अक्टूबर को प्रतापपुर के डांडकरवा में शिविर आयोजित होगा।
धान खरीदी और कृषक पंजीयन की समीक्षा – धान खरीदी वर्ष 2026-27 की तैयारियों और कृषक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। एग्रीस्टेक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने कहा।
स्वास्थ्य और शिक्षा कार्यक्रमों पर जोर – कलेक्टर ने राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अधिकाधिक नागरिकों की जांच और स्क्रीनिंग कराने तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। यू-विन पोर्टल, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम और टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुपस्थिति और अवकाश की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पालकों से संवाद कर अनुपस्थित बच्चों को नियमित अध्ययन से जोड़ने के निर्देश दिए।
आवारा पशुओं के प्रबंधन और लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश – सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं के प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को समन्वित कार्रवाई करने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि यातायात सुगम रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
बैठक में समय-सीमा, जनदर्शन, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और PG पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत CEO विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयन तारा सिंह, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

