रायपुर : महतारी वंदन से बिंदिया बाई के हुनर को मिला आर्थिक संबल, ईंटों से गढ़ रही आत्मनिर्भरता की नई कहानी

PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : महतारी वंदन से बिंदिया बाई के हुनर को मिला आर्थिक संबल, ईंटों से गढ़ रही आत्मनिर्भरता की नई कहानी – मरवाही विकासखंड के ग्राम धरहर की बिंदिया बाई प्रजापति परिवार के साथ ईंट बनाने के पैतृक व्यवसाय से जुड़ी हैं। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की राशि से उन्हें घरेलू जरूरतों के साथ अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने में आर्थिक मदद मिल रही है।

ईंट बनाने के लिए पहले लेना पड़ता था उधार – बिंदिया बाई का परिवार मिट्टी तैयार करने से लेकर ईंटों को आकार देने, सुखाने और पकाने तक का काम करता है। सीमित आमदनी के कारण मिट्टी, भूसी और लकड़ी जैसी जरूरी सामग्री खरीदने के लिए उन्हें कई बार उधार लेना पड़ता था। महतारी वंदन की नियमित राशि मिलने से छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम हुई है।

महतारी वंदन की राशि बनी कारोबार की पूंजी – बिंदिया बाई हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की राशि का उपयोग ईंट बनाने के लिए आवश्यक सामग्री जुटाने में कर रही हैं। उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से परिवार को आर्थिक भरोसा मिला है और अपने पुश्तैनी कारोबार को आगे बढ़ाने का हौसला भी बढ़ा है।

पक्के मकान से मिली सुरक्षित छत – बिंदिया बाई के परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान भी मिला है। महतारी वंदन योजना से नियमित आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का घर मिलने से परिवार को आर्थिक सुरक्षा के साथ सुरक्षित आवास का लाभ मिला है। बिंदिया बाई ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हुनर के साथ आत्मनिर्भरता की ओर कदम – बिंदिया बाई की कहानी ग्रामीण महिलाओं द्वारा आर्थिक सहायता का उपयोग आजीविका और छोटे व्यवसाय को मजबूत करने के उदाहरण के रूप में सामने आती है। ईंट बनाने के अपने पारंपरिक हुनर को नियमित आर्थिक सहयोग के साथ जोड़कर वे परिवार की आय मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उनके लिए महतारी वंदन की एक हजार रुपए की राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कारोबार और परिवार के बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने का जरिया बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *