PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा की कहानी : बिहान से मिली नई उड़ान, हुस्ना परवीन बनीं लखपति दीदी – सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम दतिमा की हुस्ना परवीन ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर सिलाई के हुनर को स्वरोजगार का आधार बनाया। समूह से मिले आर्थिक सहयोग और अपनी मेहनत से उन्होंने सिलाई के काम का विस्तार कपड़ा व्यवसाय तक किया और अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में योगदान दे रही हैं।
सिलाई के काम से व्यवसाय विस्तार तक – हुस्ना परवीन पहले सिलाई का काम करती थीं। सीमित आय के कारण परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई की जरूरतें पूरी करना कठिन था। काम बढ़ाने की इच्छा थी, लेकिन पूंजी की कमी बाधा बनी हुई थी। बिहान के स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ऋण लेकर व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर मिला।
उन्होंने समूह के माध्यम से 30 हजार रुपए का ऋण लेकर मैचिंग सेंटर शुरू किया। काम बढ़ने के साथ उनका अनुभव और आत्मविश्वास भी बढ़ा। इसके बाद उन्होंने कपड़ों का व्यवसाय शुरू किया। सिलाई के हुनर और समूह से मिले आर्थिक सहयोग ने उनकी आजीविका को नया आधार दिया।
परिवार की जिम्मेदारियों में निभा रहीं भूमिका – हुस्ना परवीन अब अपने व्यवसाय से आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर रही हैं। वे बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठा रही हैं। उनका कहना है कि बिहान समूह से जुड़ने और शासन की योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया, जिससे वे आज लखपति दीदी बन सकी हैं।

