PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : सरकार आपके द्वार : कोटमीकला, अंधियारखोह और गुदुमदेवरी में सेवा सेतु शिविर आयोजित – सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के तीनों विकासखंडों में मंगलवार को ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए गए। पेंड्रा के ग्राम कोटमीकला, गौरेला के ग्राम अंधियारखोह और मरवाही के ग्राम गुदुमदेवरी में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया।
योजनाओं की जानकारी के साथ पंजीयन पर जोर – गुदुमदेवरी हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित शिविर में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची शामिल हुए और विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत क्लस्टर ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर शासकीय योजनाओं और सेवाओं को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार लाभ उठाने की अपील की।
विधायक ने किसानों से एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए समय पर पंजीयन जरूरी है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभ बताए। उन्होंने योजना की लागत, अनुदान और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कलेक्टर के अनुसार जिले में 500 से अधिक हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली का उत्पादन किया जा सकता है और अतिरिक्त बिजली निर्धारित प्रावधानों के तहत ग्रिड को दी जा सकती है।
एक ही शिविर में मिले कई योजनाओं के लाभ – शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी और स्वामित्व योजना के तहत 14 हितग्राहियों को आबादी पट्टे प्रदान किए गए। 7 हितग्राहियों को ड्राइविंग लाइसेंस, 7 को वोटर आईडी और प्राथमिक शाला के 4 बच्चों को जाति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जरूरतमंद 10 हितग्राहियों को चश्मे और छड़ी भी प्रदान की गई। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 11 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मातृ-शिशु पोषण पर भी जागरूकता – महिला एवं बाल विकास विभाग ने मातृ एवं शिशु पोषण को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित कीं। 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी दी गई, जबकि 5 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
शिविर में श्रम, विद्युत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं, सेवाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई योजनाओं और सेवाओं की जानकारी तथा लाभ प्राप्त करने की सुविधा मिली।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य बुंद कुंवर मास्को सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

