रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : सेवा सेतु शिविरों के जरिए गांवों तक पहुंचीं जनकल्याणकारी योजनाएं

PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : सेवा सेतु शिविरों के जरिए गांवों तक पहुंचीं जनकल्याणकारी योजनाएं – सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम दवनसरा और भैयाथान विकासखंड के ग्राम कोरकोटि में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया।

दवनसरा में जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा – दवनसरा में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के आतिथ्य में शिविर आयोजित हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मातृत्व सम्मान और सुरक्षित प्रसव की मंगलकामना के साथ गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया। अतिथियों ने शर्मीला, प्रमिला और मन्नू की गोद भराई की। महिलाओं को संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी दी गई।

योजनाओं का लाभ लेने ग्रामीणों से अपील – रामसेवक पैकरा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित सड़क, शिक्षा और कृषि सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से पात्रतानुसार लाभ लेने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का भी आग्रह किया।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्री रामलला दर्शन योजना और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका लाभ लेने का आह्वान किया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा लाल राजवाड़े ने कहा कि गांव-गांव में आयोजित सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और विभागीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

बाल विवाह, नशे और टीबी के खिलाफ लिया संकल्प – शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों की शिक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। साथ ही समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ भी ली।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष ओड़गी इन्द्रमणी पैकरा, जिला पंचायत सदस्य लवकेश पैकरा, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *