रायपुर : दिल्ली अब दूर नहीं, सरगुजा को बड़ी रेल सौगात, अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन

PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : दिल्ली अब दूर नहीं, सरगुजा को बड़ी रेल सौगात, अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन – सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात कर पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मंगलवार और गुरुवार को चलेगी ट्रेन – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। सेवा की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिलेगी।

लंबे समय से थी अतिरिक्त फेरे की मांग – सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अतिरिक्त फेरा शुरू होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहले सप्ताह में एक दिन ट्रेन चलने के कारण सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था।

डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के यात्रियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन की है। इससे अंबिकापुर के साथ मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

अंबिकापुर स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं – डीआरएम ने बताया कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। कोचिंग सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है। भविष्य में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए जरूरी अधोसंरचना और सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए आवागमन होगा आसान – अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *