रायपुर : दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण देने कांकेर से 277 हितग्राहियों का दल जगदलपुर रवाना

PTV BHARAT 07 OCTOBER 2026 – रायपुर : दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण देने कांकेर से 277 हितग्राहियों का दल जगदलपुर रवाना – सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत कांकेर जिले के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए न्यू बस स्टैंड स्थित डोम से 277 सदस्यीय दल को जगदलपुर के लिए रवाना किया गया। विधायक आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी और महेश जैन ने हरी झंडी दिखाकर बस सहित छह वाहनों को रवाना किया। विधायक और कलेक्टर ने दिव्यांग हितग्राहियों को पुष्प भेंटकर स्वस्थ जीवन एवं शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

277 दिव्यांग हितग्राहियों को मिलेगा लाभ – जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में आयोजित निःशुल्क दिव्यांग शिविर में 97 हितग्राहियों को कृत्रिम अंग और 180 हितग्राहियों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इनमें 38 कृत्रिम हाथ, 59 कृत्रिम पैर, 64 बैसाखी, 55 श्रवण यंत्र, 43 छड़ी, 2 कैलिपर्स, 3 वॉकर, 5 वॉकिंग स्टिक, 6 चश्मे और जूते सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।

दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था – जिला प्रशासन ने हितग्राहियों को जगदलपुर ले जाने और वापस लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की है। वाहनों में व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और प्रत्येक वाहन में सहायता के लिए सहायक नियुक्त किए गए हैं। यात्रा के दौरान भोजन, पानी और अन्य जरूरी सहयोग की भी व्यवस्था की गई है।

विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा और उनकी जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला प्रशासन की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा का अवसर जिला प्रशासन के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि हितग्राहियों की सुविधा के लिए परिवहन, व्हीलचेयर, सहायक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि जो पात्र दिव्यांगजन आज जगदलपुर जाने वाले दल में शामिल नहीं हो सके हैं, वे निराश न हों। 14-15 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर में भी उन्हें लाभ लेने का अवसर मिलेगा। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की सुविधा से वंचित न रहे।

विकासखंडवार हितग्राही – शिविर में चारामा से 45, नरहरपुर से 39, भानुप्रतापपुर से 38, कांकेर से 37, दुर्गूकोंदल से 48, अंतागढ़ से 36 और कोयलीबेड़ा से 18 दिव्यांग हितग्राही शामिल होंगे। इसके अलावा नगर पंचायत अंतागढ़ से 6, नरहरपुर से 4 और पखांजूर से 6 हितग्राही भी लाभान्वित होंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *