रायपुर : सिंगापुर में छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास के लिए किया एमओयू, एग्रो प्रोसेसिंग में 350 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव

PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : सिंगापुर में छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास के लिए किया एमओयू, एग्रो प्रोसेसिंग में 350 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया गया। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में 350 करोड़ रुपये का नया निवेश प्रस्ताव मिला। इसके साथ ही सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले FDI निवेश प्रस्तावों की राशि बढ़कर 43,600 करोड़ रुपये हो गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की और प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की। छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर पहले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर – मुख्यमंत्री की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का भ्रमण कर उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा। सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण और उपकरणों में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल से छत्तीसगढ़ में उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक प्रशिक्षण देने और प्रदेश में ही बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

किसानों की उपज को मिलेगा बड़ा बाजार – मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में 350 करोड़ रुपये के निवेश का आमंत्रण दिया। 22 देशों में कारोबार करने वाली कंपनी प्रदेश में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी। यहां काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन, नए बाजार और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात – मुख्यमंत्री साय ने विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात के दौरान निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के विकास में लेने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर चर्चा – सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua शामिल थे। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, सुधारों और कारोबारी वातावरण की जानकारी दी।

AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण पर चर्चा – मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। बैठक में ग्रुप सीईओ Sopnendu Mohanty, इंडिया, एशिया, जापान एवं ASEAN के सीईओ James Boey और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Anthony Thomas सहित टीम शामिल हुई। बैठक में युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

इन समझौतों और बैठकों के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा संपन्न हुई। यात्रा के दौरान निवेश के साथ कौशल, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *