रायपुर : सेवा की कहानी : कच्ची झोपड़ी से पक्के आशियाने तक पहुंचा सुखल कोरवा का परिवार

PTV BHARAT 07 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा की कहानी : कच्ची झोपड़ी से पक्के आशियाने तक पहुंचा सुखल कोरवा का परिवार – जनपद पंचायत लुण्ड्रा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सासोली निवासी सुखल कोरवा के लिए पक्का घर कभी सपना था। कच्ची झोपड़ी में रहने वाले परिवार को बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और मौसम की मार के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत उनका यह सपना अब हकीकत में बदल गया है।

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से मिला पक्का घर – विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय से आने वाले सुखल कोरवा का आवास प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत स्वीकृत हुआ। वर्ष 2023-24 में आवास के लिए 2 लाख रुपये की स्वीकृति मिली, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। शासन की विभिन्न योजनाओं के समन्वित सहयोग से अब उनका परिवार पक्के और सुरक्षित घर में रह रहा है।

आवास निर्माण के साथ उन्हें मनरेगा के तहत 90 दिनों की मजदूरी का भुगतान सीधे खाते में किया गया। इससे परिवार को आर्थिक सहयोग के साथ घर निर्माण में स्वयं श्रम करने का अवसर मिला। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

योजनाओं के समन्वित लाभ से बदली जिंदगी – सचिव, रोजगार सहायक और तकनीकी सहायकों ने समय-समय पर मार्गदर्शन एवं निर्माण कार्य की निगरानी की और आवास की किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया। शासन की योजनाओं के समन्वित लाभ से सुखल कोरवा का परिवार आज अपने नए पक्के घर में सुरक्षित जीवन जी रहा है।

सुखल कोरवा ने कहा कि पहले उनका परिवार कच्ची झोपड़ी में रहता था और बारिश में काफी परेशानी होती थी। अब उनके बच्चे पक्के घर में सुरक्षित रहेंगे और अच्छी तरह पढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि नया पक्का मकान उनके लिए केवल आवास नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *