PTV BHARAT 07 OCTOBER 2026 – रायपुर : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने साजा, देवकर और परपोड़ी का किया सघन निरीक्षण – कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर राजस्व, प्रशासनिक और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने साजा में गिरदावरी कार्य, देवकर में तहसील कार्यालय और परपोड़ी में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।
साजा में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण – कलेक्टर ने साजा में चल रहे खरीफ गिरदावरी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में मौजूद पटवारियों से गिरदावरी रिपोर्ट, फसल की स्थिति, बोए गए रकबे और डिजिटल एंट्री की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों को गिरदावरी कार्य गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य किसानों के हित से सीधे जुड़ा है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। मौके पर जाकर फसल का सत्यापन और किसानों से चर्चा कर सही जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि फसल बीमा, मुआवजा और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ किसानों को मिल सके।
देवकर तहसील कार्यालय में राजस्व मामलों की समीक्षा – कलेक्टर ने देवकर तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र और राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने तहसीलदार एवं राजस्व अमले को आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समय-सीमा में और प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। कार्यालय आने वाले ग्रामीणों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने देने को कहा। अभिलेखों को व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
परपोड़ी में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण – कलेक्टर ने ग्राम परपोड़ी में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और उपयोग की जा रही सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों को शेष कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र बच्चों और माताओं के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम साजा, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

