रायपुर : सेवा ही संकल्प अभियान : नवागढ़ में 9 अक्टूबर को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर

PTV BHARAT 07 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा ही संकल्प अभियान : नवागढ़ में 9 अक्टूबर को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में चल रहे ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में 9 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जा रहा है।

जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराना उद्देश्य – कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े और खंड चिकित्सा अधिकारी नवागढ़ डॉ. एम. एम. रजा के मार्गदर्शन में शिविर आयोजित होगा। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती माताओं, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों, गंभीर एनीमिया और थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

शिविर में आमजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी रहेगी। इसमें बीपी, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

रक्तदान को लेकर किया जागरूक – खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. एम. रजा ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने बताया कि 18 से 65 वर्ष की आयु और 45 किलोग्राम से अधिक वजन वाला स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया जाएगा।

अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान की अपील – स्वास्थ्य विभाग नवागढ़ ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवी एवं युवा संगठनों, NSS, NCC, स्काउट-गाइड, शासकीय एवं अशासकीय कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।

रक्तदान शिविर 9 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवागढ़ में आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *