रायपुर : राज्य स्तरीय रोजगार मेले के पहले दिन 5,018 प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन

PTV BHARAT 07 OCTOBER 2026 – रायपुर : राज्य स्तरीय रोजगार मेले के पहले दिन 5,018 प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन – प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले के पहले दिन युवाओं में उत्साह देखने को मिला। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 5,018 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। वहीं 85 निजी संस्थानों की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के माध्यम से 2,000 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में रोजगार की तलाश कर रहे युवा मेले में पहुंचे।

कौशल और योग्यता के आधार पर चयन – निजी क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों ने रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया पूरी की। युवाओं ने अपनी रुचि के अनुसार साक्षात्कार और अन्य चयन प्रक्रियाओं में हिस्सा लिया। रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार प्रदाता संस्थानों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को एक ही मंच पर जोड़कर सीधे चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया।

दूसरे दिन चयनित युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र – रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित सभी मंत्रीगणों की उपस्थिति में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ चयनित युवाओं के लिए रोजगार की नई राह खुलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *