PTV BHARAT 07 OCTOBER 2026 – रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष देश के विकास और परिवर्तन की प्रेरक यात्रा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक बनेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की प्रगति में नागरिकों की भूमिका की प्रेरणा देंगे। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से तेलीबांधा चौक तक निकली, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक और युवा शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष का सेवाकाल प्रेरक यात्रा – मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने और विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
सेवा संकल्प अभियान में प्रदेशभर की भागीदारी – मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस दौरान सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रदेशवासियों द्वारा डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ की गई थी।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प – मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है, जो 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ आवश्यक है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के विकास की दिशा तय की है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र से सहयोग – मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों तथा संभावनाओं से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से अपेक्षा से बढ़कर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए अवसरों से जुड़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है।
वैश्विक अवसरों से जुड़ रहा छत्तीसगढ़ – मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप भारत के राज्यों को विभिन्न देशों के साथ आर्थिक एवं संस्थागत संबंध मजबूत कर निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के वैश्विक अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना। सिंगापुर प्रवास के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ा है और इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को भी मिल रहा है।
जनभागीदारी से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प – मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री के ‘वी विल डू इट’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा है, लेकिन सामूहिक प्रयास से इसे हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, राम गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

