PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – खैरागढ़ : संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण प्रगति पर, एक ही परिसर में मिलेंगी शासकीय सेवाएं – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण कार्य जारी है। विकासखंड खैरागढ़ में प्रस्तावित इस भवन के निर्माण के लिए 15 मार्च 2024 को 1875.58 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग, संभाग खैरागढ़ द्वारा किया जा रहा है।
एक परिसर में संचालित होंगे विभिन्न विभागों के कार्यालय – संयुक्त जिला कार्यालय भवन का उद्देश्य जिले के विभिन्न शासकीय विभागों को एक ही परिसर में संचालित करना है। भवन पूर्ण होने पर नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रमाण-पत्र, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और विकास योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों के लिए एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे समय और श्रम की बचत होगी तथा शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान बनेगी।
प्रशासनिक समन्वय होगा बेहतर – सभी विभागों के एक परिसर में संचालित होने से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय बेहतर होगा। इससे नागरिकों से जुड़े कार्यों के संचालन और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सुविधा मिलेगी। पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
जिले को मिलेगी स्थायी प्रशासनिक अधोसंरचना – जिले के गठन के बाद प्रशासनिक और आधारभूत संरचनाओं के विकास की दिशा में संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर जिले की प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप शासकीय कार्यों के संचालन का केंद्र बनेगा। भवन पूर्ण होने पर आमजन को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही परिसर में अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

