PTV BHARAT 12 OCTOBER 2026 – कबीरधाम : सेवा सेतु शिविर में हरिहर साहू के श्रमिक पंजीयन कार्ड का हुआ नवीनीकरण, गांव में ही मिला समाधान
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम स्तर पर आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही शासकीय सेवाओं और सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। इन शिविरों से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है। कबीरधाम जिले के ग्राम बीरेन्द्रनगर निवासी हरिहर साहू को भी शिविर में राहत मिली, जहां उनके एक्सपायर हो चुके श्रमिक पंजीयन कार्ड का तत्काल नवीनीकरण कर दिया गया।
श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने में हो रही थी परेशानी
हरिहर साहू ने बताया कि श्रमिक पंजीयन कार्ड की अवधि समाप्त होने के कारण उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने शिविर में अपनी समस्या बताई, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मौके पर ही उनके श्रमिक कार्ड का नवीनीकरण कर दिया गया। अब वे दोबारा श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
गांव में ही समाधान मिलने से बचा समय और मेहनत
हरिहर साहू ने कहा कि गांव में ही शिविर आयोजित होने से उनका काम आसान हो गया। उन्हें किसी कार्यालय जाने या बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी और समस्या का समाधान मौके पर ही मिल गया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ गांव तक पहुंचने से ग्रामीणों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके परिवार को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। हरिहर साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा प्रदेश के श्रम मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ गांव में ही आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं।

