सरगुजा : पीएम जनमन आवास योजना से संगीता पहाड़ी कोरवा का पक्के घर का सपना हुआ साकार, बरसात में टपकती छत से मिली मुक्ति

PTV BHARAT 12 OCTOBER 2026 – सरगुजा : पीएम जनमन आवास योजना से संगीता पहाड़ी कोरवा का पक्के घर का सपना हुआ साकार, बरसात में टपकती छत से मिली मुक्ति

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खाला के कोरवा पारा निवासी संगीता पहाड़ी कोरवा को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पक्का मकान मिला है। कभी बारिश के दिनों में कच्ची छत से टपकते पानी के कारण परेशान रहने वाला उनका परिवार अब अपने पक्के घर में सुरक्षित और सुकून से जीवन बिता रहा है।

कच्चे मकान में बरसात के दिनों में होती थी परेशानी

संगीता बताती हैं कि पहले उनका परिवार खपरैल और कच्ची छत वाले मकान में रहता था। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और घर के भीतर पानी आने से परिवार को काफी परेशानी होती थी। घरेलू सामान को पानी से बचाने और सुरक्षित रहने की चिंता बनी रहती थी। ऐसे में परिवार के लिए पक्का घर होना एक सपना था।

पीएम जनमन आवास योजना से मिला पक्का आशियाना

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत संगीता पहाड़ी कोरवा के मकान का निर्माण पूरा हो चुका है। अब वे अपने पति शनि लाल के साथ नवनिर्मित पक्के मकान में रह रही हैं। संगीता के अनुसार, पक्का घर मिलने से वर्षों पुरानी परेशानी दूर हो गई है। अब बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती और परिवार को सुरक्षित छत मिल गई है।

नल से पानी की सुविधा से दैनिक जीवन हुआ आसान

संगीता के नए आवास में नल से पानी की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे घरेलू जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करना आसान हो गया है। पक्का मकान और पानी की सुविधा ने उनके परिवार के रहन-सहन को बेहतर बनाया है।

संगीता खुशी जाहिर करते हुए कहती हैं, “पहले हमारा खपरैल और कच्ची छत वाला घर था। बरसात में पानी टपकता था, जिससे बहुत परेशानी होती थी। अब आवास मिल गया है और घर भी पूरा बन गया है। हम उसी में रहते हैं, अब कोई परेशानी नहीं होती। घर में नल से पानी की सुविधा भी है।”

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लाभ मिलने पर संगीता पहाड़ी कोरवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पक्का आवास मिलने से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है और अब वे सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से जीवन बिता रहे हैं। संगीता ने कहा, “इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विष्णु भइया को बहुत-बहुत धन्यवाद।”

विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार के जीवन में आया बदलाव

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों के पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। संगीता पहाड़ी कोरवा की कहानी इस पहल से आए बदलाव को दर्शाती है। कभी बारिश में टपकती छत के नीचे रहने वाला उनका परिवार आज पक्के मकान और नल से पानी की सुविधा के साथ बेहतर जीवन जी रहा है।

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संगीता की यह कहानी बताती है कि शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने से उन्हें केवल आवास ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुविधा और सम्मान के साथ जीवन जीने का आधार भी मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *