PTV BHARAT 12 OCTOBER 2026 – बस्तर : प्रधानमंत्री आवास योजना से रतना नाग के परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना, खुशहाल हुआ जीवन
प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में खुशहाली ला रही है। बस्तर जिले के जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुरन्दी निवासी रतना नाग आज अपने परिवार के साथ पक्के मकान में सुकून से जीवन बिता रही हैं। कभी झोपड़ीनुमा खपरैल मकान में रहने वाली रतना के लिए पक्का घर किसी सपने के साकार होने जैसा है। वे अपने परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।
कच्चे मकान में परिवार को होती थी परेशानी
रतना नाग एक निर्धन किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनका चार सदस्यीय परिवार पहले झोपड़ीनुमा खपरैल मकान में रहता था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने और मकान में सीलन होने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। साथ ही, सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के घर में प्रवेश करने का भय भी बना रहता था। ऐसे में परिवार को लंबे समय से सुरक्षित आवास की जरूरत थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली निर्माण की स्वीकृति
वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत की बैठक के दौरान रतना को जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची में उनका नाम शामिल है। इसके बाद उन्हें आवेदन भरने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए कहा गया। ग्राम पंचायत सचिव ने भी आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग किया। इसके फलस्वरूप वर्ष 2024-25 में उनके आवास निर्माण को स्वीकृति मिली।
तीन किस्तों में मिली 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता
योजना के अंतर्गत रतना नाग को तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। इसमें पहली किस्त में 40 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 60 हजार रुपये और तीसरी किस्त में 20 हजार रुपये मिले। उन्होंने अपनी बचत से लगभग 20 हजार रुपये अतिरिक्त लगाकर परिवार के लिए दो कमरों का पक्का मकान तैयार कराया।
आवास निर्माण के साथ मनरेगा से मिला रोजगार
रतना नाग के परिवार को योजना से केवल पक्का मकान ही नहीं मिला, बल्कि निर्माण कार्य के दौरान रोजगार का अवसर भी प्राप्त हुआ। रतना और उनके पति पाकलू ने मनरेगा के तहत मजदूरी की, जिससे परिवार को अतिरिक्त आमदनी हुई और मकान निर्माण में आर्थिक सहयोग मिला।
अब बारिश की चिंता नहीं, परिवार के साथ सुरक्षित जीवन
आज रतना नाग अपने दो कमरों के पक्के मकान में परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिता रही हैं। अब उन्हें बारिश में छत टपकने, सीलन और जहरीले जीव-जंतुओं के भय जैसी परेशानियों से राहत मिली है। उनका नया घर परिवार के लिए सुरक्षा, सुकून और बेहतर भविष्य की उम्मीद का प्रतीक बन गया है।
रतना नाग बताती हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित छत देकर जीवन की बड़ी चिंता दूर कर दी है। उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उनके लिए पक्का मकान केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, खुशहाली और आत्मविश्वास का नया आधार है।

