PTV BHARAT 27 OCTOBER 2026 – रायपुर : धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लेने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट सिंघोड़ा और रेहटीखोल पहुंचे कलेक्टर विनय कुमार लंगेह
आगामी धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए जिले की अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाने और अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को ओडिशा सीमा से लगे सरायपाली विकासखंड के सिरपुर, सिंघोड़ा एवं रेहटीखोल में प्रस्तावित अंतरराज्यीय चेक पोस्टों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने चेक पोस्टों पर जांच व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही, दस्तावेजों के सत्यापन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चेक पोस्टों पर सतत निगरानी रखते हुए जांच प्रक्रिया को सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अवैध परिवहन पर अंकुश लगाया जा सके।
वाहनों और दस्तावेजों की जांच में लापरवाही न हो
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने चेक पोस्टों से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही और उनके दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सभी अभिलेखों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने तथा जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। वाहनों की जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन किया जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।
अवैध परिवहन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि अवैध परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों को नियमानुसार तत्काल जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। अंतरराज्यीय सीमाओं से होने वाली वाहनों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने चेक पोस्टों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बनाए रखने तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि जांच व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तेजपाल सिंह ध्रुव, तहसीलदार श्रीधर पंडा तथा खाद्य, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

