PTV BHARAT 27 OCTOBER 2026 – रायपुर : पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में चिकित्सा शिक्षा विभाग के पूर्व संचालक एवं ऑर्थोपेडिक्स विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुबीर मुखर्जी तथा विशेष अतिथि के रूप में महाविद्यालय के एनाटॉमी विभाग के पूर्व प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. माणिक चटर्जी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी एवं अंबेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कार्यक्रम की मेजबानी की। आयोजन में स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष डॉ. एसबीएस नेताम, स्पोर्ट्स कमेटी के अध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे तथा सह-अध्यक्ष डॉ. प्रदीप चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेल समिति में डॉ. राजेंद्र अहिरे, डॉ. करिश्मा सिंह, डॉ. कुशल चक्रवर्ती और डॉ. नागेंद्र सिंह सोनवानी शामिल थे। वहीं, छात्र समिति की ओर से स्पोर्ट्स सेक्रेटरी अर्चिकांगे एवं आलोक राज चेल्के ने आयोजन संबंधी जिम्मेदारियां संभालीं।
इनडोर, एथलेटिक्स और आउटडोर खेलों में विद्यार्थियों ने लिया भाग
‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत इनडोर गेम्स, एथलेटिक्स और आउटडोर स्पोर्ट्स की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनडोर गेम्स में शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम और बैडमिंटन शामिल रहे। एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और जेवलिन थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं हुईं। वहीं, आउटडोर स्पोर्ट्स में खो-खो, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित किए गए। विभिन्न बैच के छात्र-छात्राओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेल अनुशासन और टीम भावना सिखाने का महत्वपूर्ण माध्यम : अमित कटारिया
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अमित कटारिया ने कहा कि व्यस्त कार्यक्रम और एक आवश्यक बैठक होने के बावजूद उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के उद्देश्य से समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में रायपुर नगर निगम के आयुक्त रहते हुए भी वे महाविद्यालय के खेल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि खेल महाविद्यालयीन जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल विद्यार्थियों को अनुशासन और टीम भावना सिखाने के साथ हार स्वीकार करने और उससे उबरने की शक्ति भी प्रदान करते हैं। जीत से मिलने वाला आनंद और संतुष्टि खेलों को और भी विशेष बनाते हैं। उन्होंने अपने खेल अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी भी विभिन्न खेलों में रुचि रही है और खेल जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न खेलों के विजेताओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिताओं के परिणामों के अनुसार, शतरंज के छात्र वर्ग में अभिषेक राजवाड़े तथा छात्रा वर्ग में डॉ. हिमानी बंजारे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में डॉ. मनीष साहू और महिला एकल वर्ग में डॉ. मनीषा टोप्पो विजेता रहे। कैरम के महिला एकल वर्ग में डॉ. हर्षिता तलांडी तथा पुरुष एकल वर्ग में डॉ. वैभव साहू ने जीत हासिल की। बैडमिंटन के पुरुष एकल वर्ग में डॉ. आदित्य जैन विजेता रहे।
एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में कर्णिक ठाकुर और महिला वर्ग में गरिमा दर्राे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शॉटपुट के महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल विजेता रहीं। डिस्कस थ्रो के महिला वर्ग में भी डॉ. जयलता बघेल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लॉन्ग जंप के महिला वर्ग में वर्षा बघेल ने बाजी मारी। जेवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग में डॉ. श्रवण कुमार पैकरा और महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल विजेता रहीं।
टीम स्पर्धाओं में भी दिखा उत्साह
टीम स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने खेल भावना और सामूहिक प्रयास का परिचय दिया। फुटबॉल के पुरुष वर्ग में 2022 बैच की टीम ए विजेता रही। बास्केटबॉल के पुरुष वर्ग में 2022 बैच तथा महिला वर्ग में 2021 बैच ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के पुरुष एवं महिला वर्ग में 2022 बैच की टीमों ने जीत दर्ज की।
क्रिकेट के पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच विजेता रहा। वॉलीबॉल के पुरुष एवं महिला वर्ग में 2021 बैच की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया।

