महासमुंद : राज्योत्सव में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया 16 विभागों के स्टॉलों का अवलोकन, हितग्राहियों को सामग्री और सहायता वितरित

PTV BHARAT 3 NOVEMBER 2026 – महासमुंद : राज्योत्सव में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया 16 विभागों के स्टॉलों का अवलोकन, हितग्राहियों को सामग्री और सहायता वितरित

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में महासमुंद जिले के 16 विभागों ने अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।

मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, भारत स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, सरायपाली नगरपालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र कुमार पटेल, महासमुंद नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी को बताया जिले की विकास गाथा का जीवंत चित्रण

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने आधारभूत संरचना, कृषि एवं प्रौद्योगिकी, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने जिले में विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी महासमुंद की विकास गाथा का जीवंत चित्रण है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आमजन तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सांसद ने कृषि, मत्स्य पालन और उद्यानिकी विभाग के माध्यम से हितग्राहियों को लाभार्थी किट, प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता प्रदान की। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की गई। जिला पंचायत विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को अभिनंदन पत्र और गृह प्रवेश की सांकेतिक चाबी सौंपी गई।

सांसद ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

विभागों ने योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

विभागवार स्टॉलों में कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने फसल विविधीकरण, समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन खरीदी और कृषक उन्नति योजना की जानकारी दी। उद्यानिकी विभाग ने पॉलीहाउस में फूलों की खेती, ऑयल पाम और सब्जी उत्पादन को प्रदर्शित किया। पशुधन विभाग ने गौपालन एवं मुर्गीपालन के माध्यम से महिला स्वरोजगार की संभावनाएं बताईं, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की जानकारी दी।

इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला पंचायत, पुलिस, परिवहन, खाद्य, वन, मत्स्य पालन, श्रम और जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।

बिहान समूहों और स्थानीय कारीगरों ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन, हस्तशिल्प, कोसा साड़ी, बांस शिल्प, मशरूम उत्पादन और अन्य स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने निःशुल्क कानूनी सहायता तथा स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान और निःशुल्क उपचार से संबंधित जानकारी दी।

राज्योत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया, शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *