बालोद : पीएम केयर्स योजना से मोनिका बघेल को मिली 10 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता

PTV BHARAT 3 NOVEMBER 2026 – बालोद : पीएम केयर्स योजना से मोनिका बघेल को मिली 10 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत बालोद जिले की मोनिका बघेल को 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की गई है। भारत सरकार की ओर से यह राशि उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने मोनिका को डेमो चेक सौंपा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला बाल संरक्षण अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा गैर-संस्थागत एवं संस्थागत देखरेख के संरक्षण अधिकारी, मिशन शक्ति के परियोजना समन्वयक, मिशन वात्सल्य के अधिकारी-कर्मचारी तथा मोनिका के संरक्षक भी मौजूद थे।

कोविड प्रभावित बच्चों के लिए शुरू की गई थी योजना

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की शुरुआत 29 मई 2021 को कोविड-19 महामारी से प्रभावित उन बच्चों को सहायता देने के उद्देश्य से की गई थी, जिन्होंने महामारी के दौरान अपने माता-पिता, कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता को खो दिया था।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे के नाम पर 10 लाख रुपए का कॉर्पस फंड तैयार किया जाता है। 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद बच्चे को 23 वर्ष की आयु तक मासिक वित्तीय सहायता दी जाती है। 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर कॉर्पस फंड की 10 लाख रुपए की राशि एकमुश्त प्रदान की जाती है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा का भी प्रावधान

योजना में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है। स्कूली शिक्षा के लिए आयु के अनुसार विद्यालय में प्रवेश तथा उच्च शिक्षा के लिए शैक्षणिक सहयोग की व्यवस्था भी की गई है।

इस योजना का उद्देश्य कोविड महामारी से प्रभावित बच्चों को आर्थिक सहायता के साथ सुरक्षित भविष्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *