PTV BHARAT 3 NOVEMBER 2026 – खैरागढ़ : लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माणाधीन जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, पुल और सड़क कार्यों का किया निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रगतिरत निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खैरागढ़ में निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
18.75 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन
सचिव बंसल ने 18 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब एवं शटरिंग का काम जारी है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ और ‘सी’ में कॉलम स्तर तक निर्माण पूरा कर लिया गया है। भवन का निर्माण जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
सर्किट हाउस मार्च 2027 तक होगा तैयार
सचिव ने 3 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी जायजा लिया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसे मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण जारी
खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण करते हुए सचिव ने निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, सभी पांच पियर और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का काम प्रगति पर है। पुल का निर्माण फरवरी 2027 तक पूरा किया जाना है। सचिव ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क चौड़ीकरण की बाधाएं शीघ्र दूर करने के निर्देश
सचिव बंसल ने राज्य मार्ग क्रमांक-5 पर 10.40 किलोमीटर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग में 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन और विद्युत पोल स्थानांतरण से जुड़ी बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता और ठेकेदार उपस्थित थे।

