अम्बिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने नगरीय क्षेत्र के विकास कार्यों का किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

PTV BHARAT 4 NOVEMBER 2026 – अम्बिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने नगरीय क्षेत्र के विकास कार्यों का किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

अम्बिकापुर नगरीय क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति और आमजन को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को शहर के विभिन्न स्थलों एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौपाटी, सुभाष नगर स्थित थोक सब्जी मंडी, महामाया कॉरिडोर, महामाया तालाब और कांजी हाउस का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रिंग रोड की समुचित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बजट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य पर होने वाले व्यय की 50 प्रतिशत राशि नगर निगम और शेष 50 प्रतिशत राशि डीएमएफ मद से वहन की जाएगी। इस दौरान नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

चौपाटी की व्यवस्थाएं सुधारने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने चौपाटी में शेष निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने और आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्मित शौचालय के बेहतर रखरखाव और संचालन के लिए दुकानदारों से मासिक शुल्क लेकर महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से व्यवस्था संचालित करने के निर्देश भी दिए।

सुभाष नगर में जल्द स्थानांतरित होगी थोक सब्जी मंडी

कलेक्टर ने सुभाष नगर स्थित निर्माणाधीन थोक सब्जी मंडी का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने निर्मित 28 दुकानों का शीघ्र आवंटन करने और योजना के अनुसार अतिरिक्त 45 दुकानों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनी बाजार में संचालित थोक सब्जी मंडी को शीघ्र सुभाष नगर स्थानांतरित करने पर जोर दिया।

इसके साथ ही मंडी परिसर में सड़क, स्वच्छ आकांक्षी शौचालय सहित अन्य निर्माण कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।

महामाया कॉरिडोर और तालाब सौंदर्यीकरण की समीक्षा

कलेक्टर ने महामाया कॉरिडोर में भविष्य के लिए प्रस्तावित कार्यों का स्थल पर पहुंचकर लेआउट प्लान के अनुसार अवलोकन किया। उन्होंने प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और महामाया तालाब के सौंदर्यीकरण के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांजी हाउस में 200 मवेशियों के लिए होगी व्यवस्था

कलेक्टर ने कांजी हाउस गौठान का निरीक्षण कर मवेशियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि डीएमएफ मद से मवेशियों को रखने के लिए दो अतिरिक्त शेड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने गौठान में कम से कम 200 मवेशियों को रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शहर में मवेशियों के कारण होने वाली समस्याओं से निजात मिल सके।

उन्होंने गौठान में रखे जाने वाले मवेशियों के स्टेरलाइजेशन के लिए पशुपालन विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही चारा, पानी और शेड की व्यवस्था की जानकारी ली तथा इनके लिए आवश्यक राशि सीएसआर मद से उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *