जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस लाइन में किया हेलमेट बैंक का शुभारंभ

PTV BHARAT 4 NOVEMBER 2026 – जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस लाइन में किया हेलमेट बैंक का शुभारंभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर पुलिस लाइन में जशपुर पुलिस द्वारा स्थापित हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल के तहत हेलमेट बैंक में 1,000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर दोपहिया वाहन चालक यहां से अस्थायी रूप से हेलमेट प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में यात्रा के दौरान सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। छोटी-सी सावधानी न केवल जीवन सुरक्षित रख सकती है, बल्कि परिवार को अपूरणीय क्षति से भी बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक आदत बनाना चाहिए।

जरूरतमंद नागरिकों को अस्थायी रूप से मिलेगा हेलमेट

जशपुर पुलिस द्वारा संचालित हेलमेट बैंक के माध्यम से ऐसे नागरिकों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिन्हें किसी आवश्यक कार्य से अचानक बाहर निकलना हो और उनके पास हेलमेट उपलब्ध न हो अथवा तत्काल खरीदने की आर्थिक सुविधा न हो। नागरिक अपना कार्य पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस से प्राप्त हेलमेट बैंक में वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के साथ जरूरतमंद लोगों को व्यावहारिक सहायता भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित होगी।

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान

जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत ऐसे वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में हेलमेट के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है।

जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति द्वारा हेलमेट के उपयोग का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *