बेमेतरा : जैविक एवं प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति किसानों को किया जागरूक

PTV BHARAT 4 NOVEMBER 2026 – बेमेतरा : जैविक एवं प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति किसानों को किया जागरूक

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ के अंतर्गत जिला बेमेतरा के साजा विकासखंड की ग्राम पंचायत पदमी में किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गांव के 25 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वैज्ञानिकों ने दी टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी

कार्यक्रम में वैज्ञानिक डॉ. एल. एल. खरबिकर एवं डॉ. अजय वर्मा ने किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, उर्वरकों के संतुलित एवं उचित उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।

तकनीकी व्याख्यानों में बताया गया कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, कृषि लागत कम करने और फसल उत्पादन की गुणवत्ता एवं स्थिरता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाना आवश्यक है। इस दौरान किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद भी हुआ। किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं साझा कीं, जिन पर वैज्ञानिकों ने उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पदमी की सरपंच हेमलता सिन्हा उपस्थित रहीं।

टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देना उद्देश्य

संस्थान द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जल संरक्षण और जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *