PTV BHARAT 5 NOVEMBER 2026 – नारायणपुर : जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। एससीईआरटी एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त सौजन्य से आयोजित इस प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ रखा गया था।
20 से अधिक टीमों ने प्रस्तुत किए वैज्ञानिक मॉडल
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला मिशन समन्वयक दीनबंधु रावटे ने किया। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई 20 से अधिक टीमों के विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडल और नवाचारी प्रदर्श प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कृषि पद्धतियों, ग्रामीण विकास और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
विभिन्न विषयों में विजेताओं का चयन
प्रतियोगिता के विभिन्न विषयों में निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।
- बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता: मुस्कान समरथ प्रथम, फाल्गुनी इक्के द्वितीय और सुवेता कुमेटी तृतीय।
- हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण: हरेन्द्र देहरी प्रथम, राहुल उसेंडी द्वितीय और संतलाल पोटाई तृतीय।
- गणितीय मॉडलिंग और कम्प्यूटेशनल सोच: प्रिंस नेताम प्रथम।
- स्वास्थ्य, स्वच्छता और सफाई: तनमय नाग प्रथम, बिनिता सोरी द्वितीय और अंकुशा नाग तृतीय।
- स्वदेशी कृषि पद्धतियां: कोविंद चन्द्राकर प्रथम और डिम्पल कावड़े द्वितीय।
- ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान: खुशी पोयाम प्रथम।
- आपदा प्रबंधन: लिलेन्द्र दास प्रथम और विजय लक्ष्मी द्वितीय।
चयनित विजेता प्रतिभागी आगामी 13 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली जोन स्तरीय प्रतियोगिता में नारायणपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का मंच
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह, कार्यक्रम नोडल महेन्द्र देहारी, सह-नोडल एस.पी. राय एवं सोनारूराम गोटा, मार्गदर्शक शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला मिशन समन्वयक दीनबंधु रावटे ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी वैज्ञानिक प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

