PTV BHARAT 5 NOVEMBER 2026 – बीजापुर : मिठाई निर्माण इकाइयों में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिठाई दुकानों एवं उनके निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ तथा कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशानुसार गठित संयुक्त जांच दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की।
कन्हैया स्वीट्स में निर्माण कार्य बंद कराया
निरीक्षण के दौरान मेसर्स कन्हैया स्वीट्स के मिठाई निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का अभाव और अव्यवस्था पाई गई। वहां अनावश्यक सामग्री बेतरतीब ढंग से रखी हुई थी। खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर जांच दल ने तत्काल मिठाई निर्माण कार्य बंद करा दिया। प्रतिष्ठान संचालक को दो दिवस के भीतर आवश्यक सुधार कर विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में मेसर्स गणपति स्वीट्स की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि यह इकाई घर में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रही थी। इस पर बिना खाद्य लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने के संबंध में प्रकरण तैयार किया गया।
मिठाइयों के सात नमूने जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए मिठाइयों के कुल सात नमूने एकत्र किए गए। इनमें गणपति स्वीट्स से मलाई पेड़ा, मथुरा पेड़ा और बूंदी लड्डू, कन्हैया स्वीट्स से कलाकंद एवं बर्फी तथा किशोरी होटल से बूंदी लड्डू एवं बेसन लड्डू के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने, निर्माण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और वैध खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी डी.के. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ तिवारी और खाद्य निरीक्षक दिनेश मरकाम उपस्थित थे।

