PTV BHARAT 5 NOVEMBER 2026- रायपुर : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ रहा आत्मविश्वास
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं की जरूरतें पूरी करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आर्थिक सुरक्षा की भावना भी बढ़ा रही है। सरगुजा जिले की महिलाएं इस राशि का उपयोग घरेलू आवश्यकताओं, आजीविका गतिविधियों और पारिवारिक जरूरतों के लिए कर रही हैं।
ऐसी ही एक हितग्राही रानी सिंह हैं, जो अंबिकापुर जनपद पंचायत कार्यालय में छोटी-सी कैंटीन संचालित करती हैं। उनके लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक संबल का माध्यम बनी है।
कैंटीन की आमदनी के साथ योजना से मिल रहा अतिरिक्त सहारा
रानी सिंह कैंटीन से होने वाली आमदनी के जरिए अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करती हैं। ऐसे में योजना के अंतर्गत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए अतिरिक्त सहारा साबित हो रही है। इस राशि से उन्हें व्यक्तिगत जरूरतों और त्योहारों से जुड़े छोटे-मोटे खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिलना बड़ी राहत है। इससे उन्हें अपनी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। अपनी जरूरत के अनुसार राशि खर्च करने की सुविधा से महिलाओं का आत्मसम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
दीपावली से पहले राशि मिलने पर लक्ष्मी पूजा की तैयारी
महतारी वंदन योजना की राशि मिलने पर रानी सिंह ने खुशी जताते हुए बताया कि दीपावली से पहले खाते में पैसा आने से वे इस बार लक्ष्मी पूजा की बेहतर तैयारी कर सकेंगी। वे इस राशि से दीये, बाती और पूजा की अन्य आवश्यक सामग्री खरीदेंगी।
उन्होंने कहा, “महतारी वंदन योजना से हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। दीपावली से पहले ही मुख्यमंत्री विष्णु भैया ने हमारे खाते में पैसा भेज दिया, जिससे मैं बहुत खुश हूं। इस बार लक्ष्मी पूजा अच्छे से मनाऊंगी। दीया-बाती और पूजा की जरूरी सामग्री खरीदूंगी। सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि अब इन छोटी-छोटी जरूरतों के लिए मुझे किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”
नियमित सहायता से बढ़ रहा आत्मविश्वास और स्वावलंबन
रानी सिंह का कहना है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने वाली पहल है। नियमित रूप से मिलने वाली राशि से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा कर पा रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी सहयोग कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महिलाओं की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दी जा रही सहायता से उनमें खुशी है। छोटी-छोटी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपने पास राशि उपलब्ध होने से महिलाओं को आत्मनिर्भरता का एहसास होता है।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि महिलाओं को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ छोटे-छोटे आर्थिक निर्णय स्वयं लेने में सक्षम बना रही है।

