PTV BHARAT 13 NOVEMBER 2026- विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची प्रकाशित, प्रदेश में 1.90 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027) के तहत 12 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचक नामावली की प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप एवं वोटर पोर्टल पर भी मतदान केंद्रवार निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची ऑनलाइन प्रकाशित कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि 12 नवंबर को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 94 लाख 86 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिला और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदान केंद्रों की संख्या की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि युक्तियुक्तकरण से पहले, 2 नवंबर 2026 तक प्रदेश में कुल 27 हजार 196 मतदान केंद्र थे। युक्तियुक्तकरण के पश्चात 47 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए तथा 389 मतदान केंद्रों का विलोपन किया गया। इस प्रकार अब प्रदेश में कुल 26 हजार 854 मतदान केंद्र हैं। इनमें 5 हजार 876 शहरी क्षेत्रों में और 20 हजार 978 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं।
निर्वाचक नामावली में ऐसे जांचें अपना नाम
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 12 नवंबर को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। इसके लिए ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और वोटर पोर्टल www.voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा अपने नजदीकी मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन भी नाम की जांच कराई जा सकती है। भारत निर्वाचन आयोग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए ऐसे करें आवेदन
यदि निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची में किसी मतदाता का नाम शामिल नहीं है, विवरण में त्रुटि है अथवा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है, तो ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या वोटर पोर्टल www.voters.eci.gov.in के माध्यम से संबंधित फॉर्म भरकर आवेदन किया जा सकता है।
- फॉर्म-6: नए मतदाता के पंजीकरण के लिए।
- फॉर्म-6(क): प्रवासी भारतीय नागरिक के नए पंजीकरण के लिए।
- फॉर्म-7: निर्वाचक नामावली से नाम विलोपित कराने के लिए।
- फॉर्म-8: प्रविष्टियों में संशोधन, स्थानांतरण, नया ईपीआईसी कार्ड प्राप्त करने अथवा स्वयं को दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए।
इसके अतिरिक्त मतदाता अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के समक्ष ऑफलाइन आवेदन के माध्यम से संबंधित फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन: 12 नवंबर 2026
- दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि: 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक
- दावों एवं आपत्तियों का निराकरण: 28 दिसंबर 2026 तक
- मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन: 4 जनवरी 2027
पात्र युवाओं को अग्रिम आवेदन का अवसर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो सका है, अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा भी फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के अतिरिक्त वर्ष 2027 की आगामी तीन अर्हता तिथियों—1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर—को पात्र होने वाले युवा भी फॉर्म-6 के माध्यम से अग्रिम आवेदन जमा कर सकते हैं।
अद्यतन और त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली के निर्माण में सहयोग की अपील
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहभागी बनकर अद्यतन, स्वच्छ और त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि यदि इस दौरान नाम जुड़वाने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आती है, तो आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल करें अथवा अपने बीएलओ से सीधे बात करने के लिए ईसीआईनेट मोबाइल ऐप पर ‘बुक ए कॉल विथ बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से कॉल बुक कराएं। इसके अलावा निर्वाचन से जुड़े नियमित अपडेट प्राप्त करने के लिए कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया अकाउंट को भी फॉलो करें।

