PTV BHARAT 14 APRIL 2025 दिल्ली। भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत से लगभग 7033 किमी दूर पश्चिम यूरोप के देश बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। उसे जल्द भारत लाने की तैयारी है। भारत को पिछले सात साल से मेहुल चोकसी की तलाश है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक बेल्जियम की पुलिस ने उसे पकड़ा है। 65 वर्षीय भगोड़ा मेहुल अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ बेल्जियम के एंटवर्प में निवास कार्ड हासिल करने के बाद रह रहा था। बता दें कि मेहुल चोकसी और उसका भतीजा नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 13,850 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले में वांछित हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को दोनों की तलाश है। बेल्जियम पुलिस ने 12 अप्रैल को मेहुल चोकसी को दबोचा है। पीएनबी घोटाला सामने आने के हफ्तों पहले ही मेहुल चोकसी और नीरव मोदी ने जनवरी 2018 में देश छोड़ दिया था। इसके बाद मेहुल 2021 में एंटीगुआ देश से लापता हो गया था। बाद में उसकी लोकेशन डोमिनिका में मिली। मेहुल चोकसी गीतांजलि जेम्स का संस्थापक है। उसका भतीजा नीरव मोदी अभी ब्रिटेन की जेल में बंद है। इन्हें 2019 में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था।
भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार
